पहाड़ों पर खटारा बसों का संचालन बंद करने की मांग पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते स्थानीय लोग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
जौनसार बावर के पहाड़ी अंचलों में दौड़ रही खटारा बसों के संचालन पर रोक लगाने की मांग पर स्थानीय लोगों ने तहसीलदार के माध्यम से उपजिलाधिकारी कालसी को ज्ञापन सौंप्रा।
ज्ञापन में लोगों ने कहा कि प्राइवेट बस संचालक क्षेत्र की सड़कों पर पुरानी और खटारा बसों का संचालन कर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में चकराता, त्यूनी, नौगांव, पुरोला और सांकरी रुट पर पुरानी बसें दौड़ाई जा रही है। ये वे बसें हैं जिन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम अनफिट कर नीलाम कर चुका है, लेकिन प्राइवेट बस संचालक अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में खटरा बसों की रंगाई-पुताई कर सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। कहा कि उन्होंने मामले की शिकायत पूर्व में उपसंभागीय परिवहन अधिकारी से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कहा कि पूर्व में भी खटारा बसों के कारण क्षेत्र में कई बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने रुट पर चलने वाली बसों की जांच कर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रितेश, उमेश वर्मा, दिगंबर, संदीप, बलवीर, सनु आदि शामिल रहे।
वहीं, परिवहन कर अधिकारी रत्नाकर सिंह ने बताया कि मामले में लोगों की शिकायत मिली है। जांच जारी है। क्षेत्र में किसी भी कीमत पर खटारा बसों को नहीं चलने दिया जाएगा।