विदेश मंत्रालय के ‘मिशन एक करोड़ पासपोर्ट’ का असर देहरादून क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पर भी हुआ है। बायोमैट्रिक जांच के लिए आनलाइन आवेदन के 20 दिन बाद मिलने वाला अप्वाइंटमेंट अब एक हफ्ते में ही मिल रहा है।
सितंबर में विदेश मंत्रालय ने इस साल पूरे देश में एक करोड़ पासपोर्ट आवेदन का लक्ष्य रखा था। देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय को 73 हजार 430 पासपोर्ट आवेदन लेने का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य हासिल करने के लिए पिछले तीन महीने में देहरादून में छह से अधिक पासपोर्ट मेलों के अलावा नैनीताल में दो दिवसीय पासपोर्ट शिविर भी लगाया गया।
यही वजह है कि अब अप्वाइंटमेंट एक हफ्ते से कम समय में ही मिल रहा है। जबकि तत्काल के लिए आवेदन के दूसरे दिन अप्वाइंटमेंट मिल रहा है। इस साल 71 हजार से अधिक पासपोर्ट बन चुके हैं। सोमवार को भी तीन सौ से अधिक आवेदकों की बायोमैट्रिक जांच हुई है। इतनी ही संख्या में सोमवार को नए आवेदन भी आए हैं। अब दो दिन में पासपोर्ट अधिकारियों के सामने लगभग दो हजार आवेदन लेने की चुनौती है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर भी प्रचार किया जा रहा है। पुराने आवेदन जिनमें पुलिस रिपोर्ट लंबित है या फाइल बंद हो चुकी है, उन्हें भी खंगाला जा रहा है। सभी 13 जिलों के पुलिस मुख्यालय से भी इस बारे में संपर्क किया गया है।