राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू से एक और मौत हो गई। मंगलवार देर रात दून के शांति विहार निवासी व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से होने से स्वास्थ विभाग में हड़कंप मचा गया।
मृतक चार दिन से सीएमआई में एडमिट था। सीएमआई अस्पताल उक्त व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से होने का दावा कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
लगातार पहुंच रहे मरीज
जिले के अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी छह नए संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के रक्त नमूने जांच के लिए दिल्ली स्थित नेशनल सेंट्रल फार डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) की प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
जिले में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की संख्या 215 पहुंच गई है। जबकि 45 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। स्वाइन फ्लू के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मदन बोनाल ने बताया कि मंगलवार को जिन छह मरीजों के रक्त नमूने जांच के लिए भेजे हैं, उनमें तीन हिमालयन इंस्टीट्यूट अस्पताल जौलीग्रांट और तीन सीएमआई में भर्ती हैं।
उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मंगलवार को विभाग की टीम ने स्वाइन फ्लू पाजीटिव मरीजों के घर जाकर परिजनों का हाल जाना। परिजनों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से 38 मरीजों के रक्त नमूनों की रिपोर्ट आनी बाकी है। 132 मरीज ऐसें है जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि स्वाइन फ्लू से अभी तक जिले में दो लोगों की ही मृत्यु हुई है।