देहरादून। फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) में नौकरी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये हड़पने वाले गैंग का नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है। मामले में एसटीएफ को लगातार फोन कर लोग ठगी की जानकारी दे रहे हैं। फरीदाबाद से भी चार छात्रों ने एसटीएफ से शिकायत की है। उनसे भी नौकरी के नाम पर छह से दस लाख रुपये लिए गए थे।
एसटीएफ ने बृहस्पतिवार को गैंग का पर्दाफाश कर एक आरोप को गिरफ्तार किया था। यह गैंग पूरी सरकारी प्रक्रिया की तरह युवाओं का मेडिकल कराने के बाद ट्रेनिंग कराकर ज्वाइनिंग लेटर देता था। गैंग का पर्दाफाश होने के बाद एसटीएफ के पास लगातार ठगी के शिकार युवाओं के फोन आ रहे हैं। फरीदाबाद से भी चार छात्रों ने एसटीएफ को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनसे भी छह से दस लाख रुपये लिए गए थे। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि करीब बीस और लोगों के फोन आए हैं। फिलहाल शुक्रवार को एक और मुकदमा गैंग के खिलाफ दर्ज किया गया है।