मसूरी से सहस्त्रधारा रोड होते हुए घर जा रहे कार सवार तीन लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार तीनों एलआईसी के कर्मचारी हैं।
राजपुर थानाक्षेत्र के आईटी पार्क चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे सहस्त्रधारा रोड प्रेरणा स्टोर के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद वे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। यहां एक कार पलटी हुई मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस जब घटनास्थल के नजदीक पहुंची तो दो युवक कार में फंसे मिले। जबकि, एक युवक सड़क पर लहूलुहान स्थिति में पड़ा हुआ था। सभी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने कार चालक लोकेश मिश्रा निवासी कर्णप्रयाग चमोली को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि पूर्ण सिंह राणा निवासी ग्राम रेनी और रजनीश निवासी बुलंदशहर घायल हैं। जिनका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे को देखकर लगता है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। इसीलिए कार मोड़ पर डिवाइडर से टकराने के बाद पेड़ और फिर दीवार से टकराकर पलट गई। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों मसूूरी से घूमने के बाद वापस अपने घर जा रहे थे।