देहरादून प्रेमनगर से सैर-सपाटा पर मसूरी आयी छात्राओं पर रविवार की आउटिंग भारी गुजारी। छात्राओं की अल्टो कार हाथीपांव-कार्ट मैकंजी मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चालक और पांच युवतियां समेत छह सवार थे। दुर्घटना में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की बीबीए तृतीय वर्ष की छात्रा स्वाति बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य को गंभीर चोटें आयी।
घायलों को सेंटमेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून भेज दिया गया है। दुर्घटना रविवार को करीब पांच बजे के आसपास हाथीपांव मार्ग हुई। अल्टो कार संख्या यूके 07 ए क्यू 8832 अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ मीटर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल बीवीडी जुयाल मयफोर्स मौके पर पहुंचे। घायलों को सड़क तक लाया गया।
मौके पर हल्दवानी निवासी स्वाति बिष्ट ने दम तोड़ दिया। स्वाति के साथ आई पूजा नेगी बताया कि मृतका स्वाति उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीबीए की तृतीय वर्ष की छात्रा थी। घायलों में चालक रोहित पुत्र देव कुमार उम्र 21 वर्ष निवासी बनियावाला देहरादून, पूजा नेगी पुत्री विक्रम सिंह पंवार उम्र 21 वर्ष, निवासी प्रेम नगर देहरादून, राखी पंवार पुत्री राजेंद्र सिंह निवासी श्यामपुर प्रेमनगर देहरादून, शालिनी वर्मा और हिमानी भारती निवासी श्यामपुर प्रेमनगर देहरादून शामिल हैं। शालिनी और हिमानी को मैक्स अस्पताल भेज दिया गया।
राखी पंवार को भी सेंटमेरी प्राथमिक उपचार के बाद मिलिट्री हास्पिटल देहरादून रेफर कर दिया गया है। चालक रोहित को मामूली चोट आयी हैं। पूजा नेगी को मामूली खरोंच आयी है। राखी पंवार डीएवी में एम. कॉम की छात्रा है। अन्य सभी यूआईटी की छात्राएं हैं। बताया जाता है कि पांचों छात्राएंमसूरी घूमने के बाद वापिस लौट रही थी। अल्टो कार हिमानी की थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि जिस जगह पर कार खाईं में गिरी। वहां सड़क काफी चौड़ी है। चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।