उत्तराखंड में कुमाऊं के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अब देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। हल्द्वानी और नैनीताल में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए विदेश मंत्रालय ने स्वीकृत दे दी है। जल्द ही पासपोर्ट सेवा केंद्र अस्तित्व में आ जाएंगे।
पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को काफी दौड़भाग करनी पड़ती है। पासपोर्ट कार्यालय देहरादून में है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया आसान करने के साथ ही लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश के चुनिंदा पोस्ट ऑफिसों में पासपोर्ट फार्म जमा करवाने की सुविधा भी दी है। पासपोर्ट आवेदन करने के बाद एलआईयू जांच होती है। इसके बाद डिजिटल साइन और फिगर प्रिंट समेत बाकी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पासपोर्ट कार्यालय देहरादून जाना पड़ता है। देहरादून की दौड़ खर्चीली है। साथ ही समय की बर्बादी होती है।
सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट में पासपोर्ट कार्यालय खुलवाने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मांग की थी। सांसद की पहल साकार हुई। हल्द्वानी और नैनीताल में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलवाने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सहमति दे दी है।
विदेश मंत्री ने सांसद कोश्यारी को पत्र जारी कर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की जानकारी दी है। विदेश मंत्री ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र डाक विभाग के साथ मिलकर खोला जाएगा। विदेश मंत्री ने कहा कि इसका नाम पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र होगा। सुषमा स्वराज ने सेवा केंद्र का उद्घाटन भी सांसद कोश्यारी के हाथों करने का आग्रह किया है।
सांसद ने सोशल मीडिया पर शेयर किया विदेश मंत्री का पत्र
सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने हल्द्वानी और नैनीताल में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के आदेश के पत्र की प्रति सोशल मीडिया पर शेयर की। पत्र को शाम छह बजे तक 265 लोगों ने शेयर किया और पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने की बधाई दी। 670 लोगों ने पोस्ट लाइक की। कमेंट्स में लोगों ने सांसद को बधाई देने के साथ कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में सेवा केंद्र खुलवाने की मांग की।