भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सिमलगैर स्थित मुख्य शाखा में सोमवार रात हुए दो पुलिस कांस्टेबल के बीच हुए झगडे़ के दौरान चाकू लगने से एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। मामले में कांस्टेबल गणेश सिंह के खिलाफ धारा 304 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, हालांकि देर शाम तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने मौके से बरामद चाकू को सीज कर दिया है। घटना के बाद डीआईजी अजय रौतेला ने मंगलवार को मौके का निरीक्षण किया। उनके आदेश पर बैंक के गार्ड कमांडर समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
एसपी अजय जोशी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे कांस्टेबल कमल बोहरा (28) पुत्र पुष्कर सिंह बोहरा और कांस्टेबल गणेश सिंह बैंक गार्ड की ड्यूटी पर थे। इसी दौरान खाना खाते समय कमल बोहरा की गलती से दाल की कुछ बूंदे गणेश सिंह की पैंट पर गिरने के कारण दोनों में झगड़ा हो गया।
गुस्से में गणेश सिंह ने कमल बोहरा को धक्का दिया तो वह सलाद काटने के लिए रखे गए चाकू के ऊपर गिर गया और चाकू सीधे कमल के सीने में घुसने से बड़ी मात्रा में खून बहने लगा। अन्य साथी कमल को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।