चकराता वन प्रभाग के कनासर रेंज कार्यालय में लकड़ी के साथ पकड़ा गया तस्कर।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। चकराता वन प्रभाग की कनासर रेंज में वन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान देवदार के 28 नग स्लीपर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि, दूसरा आरोपी अंधेरा का फायदा उठा मौके से भाग खड़ा हुआ। जिसकी तलाश में वन विभाग की टीम ने अभियान चलाया हुआ है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जब्त की गई लकड़ी को ट्रक समेत रेंज कार्यालय में सीज कर दिया है।
शुक्रवार रात वन विभाग की टीम चकराता-क्वांसी मोटर मार्ग पर गश्त पर थी। ग्वासापुल के पास रात 1:45 बजे पुलिस को एक ट्रक आता दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोक कर तलाशी ली तो उसमें लकड़ी भरी हुई थी। इस दौरान वाहन चालक मौका पाकर फरार हो गया। टीम ने वाहन में सवार अन्य व्यक्ति से लकड़ी के अभिवहन के कागज मांगे। जिस पर वह कागज नहीं दिखा पाया। आरोपी की पहचान शाहरूख ग्राम लोहरीपुर पोस्ट शामली तहसील कैराना के रूप में हई। रेंजाधिकारी सत्य सिंह बिष्ट बताया कि फरार चालक की पहचान सारिक के रूप में हुई है। बताया कि लकड़ी किस स्थान से काटा गया। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। टीम में दारोगा सुमेर चंद राठौर, बीट अधिकारी शमशेर दास, खेम चंद, प्रदीप सक्सेना, राहुल चौहान, इंदर सिंह शामिल रहे।