अवैध पशु कटान की शिकायतों पर पुलिस ने मीट-मांस की दुकानों पर अभियान चलाकर चेकिंग की। पुलिस ने दून की 442 मीट की दुकानों पर जांच की। जिसमें बिना लाइसेंस के चल रही 119 दुकानों को नोटिस दिए गए। पुलिस इन मीट की दुकानों पर कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार कर रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अवैध तरीके से पशु कटान की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को मीट की दुकानों की चेकिंग करने के निर्देश दिए थे। दून में अभियान चलाकर 442 मीट की दुकानों को चेक किया गया। इसमें 119 दुकानें बिना लाइसेंस के संचालित होती मिली। इन दुकानों के मालिकों को पुलिस ने लाइसेंस बनाने का नोटिस दिया है। इस दौरान 88 दुकानें बंद मिली। कई दुकानों में सफाई व्यवस्था खराब मिली। पुलिस ने ऐसी 27 दुकानों का पुलिस एक्ट में चालान किया है। वहीं दुकानों पर काम करने वाले लोगों का सत्यापन न कराने पर 17 दुकानदारों के 10-10 हजार रुपये के चालान किए है।
Iसंरक्षित पशु कटान की घटना में फरार आरोपी गिरफ्तारI
प्रेमनगर में संरक्षित पशु कटान की घटना में फरार चल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ संरक्षित पशु का कटान किया था। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका था। दो अगस्त की रात को नंदा की चौकी स्थित पुल के नीचे नदी किनारे संरक्षित पशु कटान की घटना में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सोहबान कुरैशी निवासी रामपुर मनिहारन सहारनपुर को जालंधर पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।