स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में 1564 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती इस साल वर्षवार मेरिट के आधार पर की जाएगी। मंगलवार को सचिव स्वास्थ्य ने उत्तराखंड अधीनस्थ नर्सिंग (अराजपत्रित) सेवा संशोधन नियमावली 2022 जारी कर दी। इसके तहत होने वाली भर्तियों के नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत चयनितों को देंगे।
सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग अधिकारी के 1564 पद रिक्त हैं। नियमावली के तहत नर्सिंग अधिकारी के रिक्त पदों को केवल इस साल वर्षवार मेरिट के हिसाब से भरा जाएगा। यह मेरिट उम्मीदवार के डिग्री, डिप्लोमा में प्राप्त अंक, आरक्षण रोस्टर के तहत तैयार की जाएगी।
नर्सिंग अधिकारी के 80 प्रतिशत पद महिला उम्मीदवारों और 20 प्रतिशत पद पुरुष उम्मीदवारों से भरे जाएंगे। कुल उपलब्ध रिक्त पदों में से 70 प्रतिशत पद नर्सिंग में डिप्लोमाधारक उम्मीदवारों और 30 प्रतिशत पद नर्सिंग में डिग्रीधारक उम्मीदवारों से बनी मेरिट के आधार पर भरे जाएंगे।