देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेश में चल रही 1218 फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती की जांच की मांग की है। संगठन ने भर्ती में लापरवाही व देरी के विरोध में संगठन सचिवालय कूच का एलान किया है।
बृहस्पतिवार को एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने प्रेसवार्ता कर कहा कि लंबे समय के इंतजार के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर इस वर्ष फरवरी में 1218 पदों पर फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसका पेपर लीक हो गया और यह परीक्षा घोटाले की भेंट चढ़ गईं। जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया, लेकिन सात माह बाद भी न जांच रिपोर्ट सामने आई है और न ही सरकार परीक्षा को लेकर कोई फैसला ले पा रही है। इसके विरोध में एनएसयूआई 13 अक्तूबर को सचिवालय कूच करेगी।
इस प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, प्रदेश प्रभारी सतवीर चौधरी भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रेसवार्ता में प्रदेश महासचिव आयुष गुप्ता, जिला अध्यक्ष सौरभ ममगाईं, राष्ट्रीय समन्वयक अजय रावत, अभिषेक डोबरियाल, नरेंद्र सिंह, अंकित बिष्ट मौजूद रहे।