देहरादून। डीबीएस महाविद्यालय छात्रसंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिनव काफिला ने एनएसयूआई के साथियों के साथ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से भेंट की। धस्माना ने काफिला को बधाई दी और राज्य की ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।
धस्माना ने छात्र नेताओं से शिक्षा सुधारने के लिए रचनात्मक आंदोलन चलाने का आह्वान करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों को प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के प्रभावित होने का कारण बताया। निजी विश्वविद्यालयों को लाभ पहुंचने के लिए उच्च शिक्षा को आम छात्रों के लिए दुर्लभ बनाया जा रहा है। उन्होंने 2019 से अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में नियुक्तियों पर प्रतिबंध बताया, जिससे कई कॉलेज बंद होने की कगार पर हैं। धस्माना ने एनएसयूआई सहित छात्र संगठनों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आंदोलन करने का आग्रह किया। इस दौरान कई छात्र नेता मौजूद थे।
-