नगर पंचायत मुनिकीरेती की पार्किंगों में आखिर लूट का धंधा बंद हुआ। कार और बस पार्किंगों में निर्धारित शुल्क से दोगुनी वसूली पर ‘अमर उजाला’ का अभियान रंग लाया। शनिवार से यात्री वाहनों से निर्धारित शुल्क लिया जाने लगा है। मगर निकाय की उदासीनता के चलते अभी तक मौके पर ठेका शर्तों के अनुसार निर्धारित रेट लिस्ट का बोर्ड नहीं लग पाया है।
नगर पंचायत मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत कुंभमेला मैदान के समीप पार्किंग में बस, ट्रक आदि भारी वाहनों से निर्धारित 50 रुपये की बजाए 70 से 100 रुपये तक शुल्क और शिवानंद कार पार्किंग में छोटे वाहनों से 30 की जगह 60 रुपये पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा था।
निकाय प्रशासन ठेका देने के बाद इस ओर उदासीन बना हुआ था। मामला ‘अमर उजाला’ के संज्ञान में आने पर बीते रविवार को ‘मुनिकीरेती में पार्किंग के नाम खुलेआम लूट’ शीर्षक से प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद इस पर लगातार अभियान के तहत खबरें प्रकाशित की गईं।
बीते मंगलवार निकाय द्वारा संबंधित एजेंसी को जारी नोटिस पर शनिवार से पार्किंगों में निर्धारित रेट की पर्चियां देकर वाहनों से शुल्क लिया जाने लगा है। बावजूद इसके अभी तक किसी पार्किंग में निर्धारित शुल्क के नोटिस बोर्ड चस्पा नहीं किए गए हैं।
जबकि निकाय द्वारा इस बाबत जारी नोटिस की मियाद सोमवार को समाप्त हो रही है। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल ने बताया कि जल्द पार्किंगों में रेट लिस्ट बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही निकाय लिए जा रहे शुल्क की निगरानी भी करेगी।
क्या कहते हैं बाहर से आए लोग
पहले यहां पर 60 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था, मगर शनिवार को हमसे कार पार्किंग के 30 रुपये लिए गए।
-दिनेश यादव, हरियाणा
हमसे यहां पर 30 रुपये पार्किंग शुल्क लिया गया, सुनने में आया था कि यहां पर 60 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था।
-जोगिंदर, दिल्ली
हमसे बस पार्किंग में 50 रुपये शुल्क लिया गया है। निर्धारित शुल्क देने में हमें कोई दिक्कत नहीं है। अब लोग पार्किंग में ही वाहन खड़े करेंगे।
-रमेश चंद्र, हरिद्वार
हमने बस पार्किंग में 50 रुपये शुल्क दिया है। पार्किंग में निर्धारित शुल्क का बोर्ड भी लगाया जाना चाहिए, जिससे बाहर से आए वाहन चालकों को सही शुल्क का पता चल सके।
-कुंवर सिंह, हरिद्वार