पीबीओआर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिले के कार्यालयों में अवकाश घोषित न किए जाने पर सैनिकों का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि दिनांक आठ दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कन्नूर में एक दर्दनाक हादसा हो गया था। जिसमें सेना के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय सेना के सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका सहित 13 सैनिक शहीद हो गए थे। कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत उत्तराखंड के निवासी थे। उनकी शिक्षा-दीक्षा उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिले में ही हुई थी। उन्होंने देश की रक्षा के लिए बड़े-बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। ऐसे महान योद्धा सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर उत्तराखंड सरकार ने सरकारी विभागों में कोई अवकाश घोषित नहीं किया। जबकि विधायक हरबंस कपूर के निधन पर राज्य ने देहरादून जिले के सरकारी विभागों में अवकाश घोषित किया। कहा कि सैनिकों के साथ यह दोहरा मापदंड सैनिकों का अपमान है। पीबीओआर पूर्व सैनिक संगठन इसकी घोर निंदा करता है।