फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन माह से नहीं मिला सस्ता राशन

विज्ञापन
विज्ञापन
साहिया। जौनसार बाबर जनजातीय क्षेत्र के अंतर्गत कालसी और चकराता ब्लॉकों में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से पिछले तीन महीने से सरकारी राशन का वितरण नहीं हो पाया है। इससे गरीब परिवारों को बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को हो रही है। इस बात को लेकर स्थानीय कार्ड धारकों में विभाग के प्रति खासा रोष है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र राशन राशन वितरण कराने को लेकर सोमवार को एक पत्र जिला पूर्ति अधिकारी को भेजा है।
विज्ञापन

जौनसार बाबर जनजातीय क्षेत्र के लोगों को बीते जनवरी माह से सरकारी राशन नहीं मिल पाया है क्योंकि बीते फरवरी से क्षेत्र के सस्ता गल्ला विक्रेता सरकार द्वारा की गई राशन कटौती को पूरा देने और पिछले एक साल से रुके राशन उठान का भाड़ा दिए जाने के बाद ही राशन उठाने की जिद पर अड़े हुए हैं। सरकारी राशन नहीं मिलने से बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्हें दो रुपये गेहूं और तीन रुपये चावल की जगह 20 रुपये किलो आटा और 16 रुपये किलो चावल खरीद कर खाने पड़ रहे हैं। इससे गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। कालसी, चकराता, लाखामंडल और कोरुवा सरकारी सस्ते गल्ले के गोदामों के तहत 14352 बीपीएल, 3415 अंत्योदय और 3231 एपीएल कार्ड धारक हैं। बीपीएल कार्ड धारक इंदर सिंह, परम सिंह, चतर सिंह और कलम सिंह आदि लोगों का कहना है कि उन्हें बीते जनवरी माह से राशन नहीं मिला है। इससे बड़ी परेशानी हो रही है। उधर शीघ्र राशन वितरण कराने को लेकर साहिया नेवी के पूर्व प्रधान मोहन लाल शर्मा, सतपाल सिंह राय, सुरेंद्र सिंह चौहान और रणवीर सिंह चौहान आदि लोगों ने इस बारे में जिलापूर्ति अधिकारी देहरादून को पत्र भेजा है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि राशन गोदामों तक पहुंचा दिया गया है। इसे शीघ्र वितरित करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सस्ता गल्ला विक्रेताओं की मांग को लेकर भी विचार किया जा रहा है। शीघ्र समाधान हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें