फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्राजील की तरह भारत की सड़कों पर दौड़ेंगे इलेक्ट्रिक वाहन: गडकरी

Tue, 09 Feb 2016 09:40 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तराखंड के रुद्रपुर में केंद्रीय सड़क एवं भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दो साल के भीतर देश की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें, कारें और बाइकें सरपट दौड़ती दिखेंगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज ब्राजील में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है उसी तरह भारत में भी इलेक्ट्रिक बसों, कारों और बाइकों का भी संचालन होगा। केंद्रीय मंत्री गडकरी मंगलवार को रुद्रपुर के रामलीला मैदान में रामपुर से काठगोदाम एनएच नंबर 9 और 109 के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

गडकरी ने मंगलवार दोपहर 1.30 बजे 11 सौ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फोरलेन हाईवे का शिलान्यास किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार पर्यावरण के प्रति गंभीर है। इसलिए अब जरूरी हो गया है कि भारत में भी ब्राजील की तर्ज पर इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए भारत के वैज्ञानिकों ने तैयारी कर ली है और लीथियम आयन बैट्री का निर्माण शुरू होने लगा है। इससे प्रदूषण पर नियंत्रण होगा।
विज्ञापन

6 लेन से 14 लेन करने पर सरकार कर रही काम

गडकरी ने कहा कि जब मोदी सरकार ने सत्ता संभाली तब यूपीए सरकार के कार्यकाल में 96 हजार किमी का राष्ट्रीय राजमार्ग था। हर साल पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती थी और तीन लाख लोग प्रतिवर्ष हादसों में अपने हाथ-पांव गंवा बैठते थे, जबकि डेढ़ लाख लोग हर साल सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा बैठते थे।

इसे देखते हुए मोदी सरकार ने सबसे पहले नेशनल हाईवे के निर्माण में तेजी से काम करने का फैसला लिया और आज देश में 52 लाख किमी एनएच का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है-पूरे देश में जगह-जगह सड़कों का जाल बिछाया जाए और इसके लिए तेजी से काम शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि अभी देश में जो टू लेन सड़कें थी उन्हें फोरलेन किया जा रहा है जबकि जो फोरलेन है उन्हें 6 लेन करने का काम शुरू हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब 6 लेन से 14 लेन पर भी सरकार काम कर रही है। दिल्ली की सड़कों पर 14 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

दिल्ली से डासना और मेरठ के लिए भी 6 लेन पर काम हो रहा है। डासना से ही लखनऊ के लिए भी 14 लेन का काम किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गडकरी ने साफ तौर पर कहा कि इस वर्ष जून तक दिल्ली-देहरादून को बनने वाले फोरलेन के प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

नदी मार्ग से पर्यटकों की होगी आवाजाही

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाराणसी से लेकर हल्दिया और हरिद्वार तक जलमार्गों पर भी केंद्र सरकार काम करने जा रही है। जल्द ही इस दिशा में बेहतर परिणाम भी सामने आएंगे और नदियों के माध्यम से भी पर्यटकों की आवाजाही होगी। गडकरी ने केंद्रीय सरकार की तमाम उपलब्धियों को भी जनता के समक्ष रखा।

कार्यक्रम को सांसद भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, रामपुर के सांसद नेपाल सिंह, सांसद तरुण विजय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिला महामंत्री गोपाल बोरा, बलराज पासी सहित तमाम भाजपा पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

इस मौके पर संगठन मंत्री संजय कुमार, विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक पुष्कर सिंह धामी, हरभजन सिंह चीमा, राजेश शुक्ला, अरविंद पांडेय, डॉ. प्रेम सिंह राणा, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी, राजू भंडारी, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मजहर नईम नवाब, पूर्व जिला महामंत्री नंदन सिंह खड़ायत, नवीन बोरा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें