फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव 2018: दिनभर चली बैठक के बाद देर रात जारी हुई भाजपा के उम्मीदवारों की सूची, यहां देखें

Sun, 21 Oct 2018 10:48 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
देहरादून के मेयर पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार सुनील उनियाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देहरादून में दिनभर चली बैठक के बाद शनिवार देर रात भाजपा ने नगर निकाय चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। दोपहर तीन बजे से भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक शुरू हुई और देर रात करीब साढ़े नौ बजे उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई। 

विज्ञापन


भाजपा ने देहरादून से मेयर पद के लिए सुनील उनियाल गामा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं हरिद्वार में अनु कक्कड़, कोटद्वार में नीतू रावत, हल्द्वानी में जोगेंद्र रौतेला, काशीपुर में ऊषा चौधरी, रुद्रपुर में रामपाल सिंह और ऋषिकेश से अनीता ममगाई को टिकट दिया गया है।

उम्मीदवारों की सूची देखने के लिए क्लिक करें...
विज्ञापन


बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल रहे। बताया गया कि सभासद और पार्षदों के लिए पार्टी ने संबंधित निकाय के स्थानीय विधायक और पदाधिकारियों की सिफारिशों के आधार पर टिकट तय किए गए हैं।

निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय : भट्ट 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने दावा जताया है कि निकाय चुनाव में पार्टी की जीत तय है। चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी निकायों के लिए पार्टी प्रत्याशी तय कर दिए हैं। कुछ निकायों में किन्हीं कारणों से शनिवार को नाम घोषित नहीं किए जा सकें हैं, उन्हें रविवार को जारी कर दिया जाएगा। 

अध्यक्ष ने कहा कि वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नाम रविवार को जिला स्तर से जारी होंगे। चुनाव समिति ने जिलों से आए प्रत्याशी पैनलों को फाइनल कर दिया है। प्रत्याशी चयन के लिए दावेदार की बेदाग छवि के साथ जिताऊ होने को आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सीट पर विवाद जैसी स्थिति नहीं है। चुनाव समिति ने सभी पहलुओं पर विचार के बाद प्रत्याशियों को चयन किया है। पार्टी अब प्रचार के कार्यक्रम जारी करेगी। इसके तहत पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 

विधानसभा अध्यक्ष आए कार्यालय 
चयन समिति की सदस्य नहीं होने के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल पार्टी प्रदेश कार्यालय में पहुंचे। उनके पहुंचने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। बैठक से पहले उन्होंने संगठन महामंत्री संजय कुमार के अलावा कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश नगर निगम में उनकी पसंद का प्रत्याशी ही चुनाव समिति ने तय किया है। उनके कार्यालय पहुंचने को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। 

सबसे पहले निकले मुख्यमंत्री 
चुनाव समिति की बैठक से सबसे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रवाना हुए। मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने दोबारा सदस्यों के साथ बैठक  की। मुख्यमंत्री के जाने के डेढ़ घंटे तक गोपनीय बैठकों का दौर चलता रहा। बताया जा रहा है कि हरिद्वार और ऋषिकेश मेयर पद के प्रत्याशी चयन पर पेच फंसा था। दोनों सीटों पर स्थिति साफ होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर प्रत्याशी सूची जारी की गई। 

बैठक में यह रहे मौजूद 
चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश प्रभारीश्याम जाजू, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, सांसद महारानी माला राजलक्ष्मी, प्रदेश सरकार में मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, डॉ धन सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, खजान दास, गजराज सिंह बिष्ट व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम सहगल मौजूद रहे। 
विज्ञापन

बीना बिष्ट भाजपा में शामिल, ऋषिकेश के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति ने ज्वाइन की भाजपा

श्रीदेव सुमननगर वार्ड से तीन बार कांग्रेस से पार्षद रहीं बीना बिष्ट शनिवार को समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। उन्हेें कैंट विधायक हरबंस कपूर और महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने पार्टी में शामिल कराया। इससे पहले उन्होंने नगर निगम पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा।  परेड ग्राउंड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में बीना बिष्ट ने मीडिया से कहा कि उन्हें क्षेत्र का विकास चाहिए। इसके चलते उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है। इस दौरान उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की बात कही। इस मौके पर राजीव उनियाल, राजेश रावत आदि मौजूद रहे। 

ऋषिकेश के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति ने थामा ‘हाथ’
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण ने शनिवार को अपनी पत्नी लक्ष्मी सजवाण व कई समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आवास पर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। 
सजवाण को पार्टी में लाने वाले जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, पार्टी नेता राजपाल खरोला, विजय सारस्वत, विनय सारस्वत शनिवार को कांग्रेस भवन के बजाय सीधे प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के गांधी रोड स्थित आवास पर पहुंचे। उनके साथ ऋषिकेश भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण उनकी पत्नी जिपं की पूर्व सदस्य लक्ष्मी सजवाण और कई समर्थक थे। प्रदेश अध्यक्ष ने उनका फूलों से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के कांग्रेस में विधिवत रूप से शामिल होने की घोषणा की गई। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अनुशासन समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

ज्योति तो निष्कासित हैं : भाजपा
पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश भाजपा की ओर से आई प्रतिक्रिया में कहा गया कि उन्हें तो पहले ही पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। यहां जारी एक प्रेस बयान में पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने ऋषिकेश के कांग्रेस में शामिल हुए व्यक्ति को भाजपा नेता के रूप में प्रचारित करने पर एतराज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने के कारण उन्हें भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। यदि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें अपने दल में शामिल किया है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्हें भाजपा के सदस्य के रूप में न प्रचारित किया जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें