संस्थान में अभिभावक और शिक्षकों की समिति गठित की गई है। समिति की हर अंतराल पर बैठक बुलाई जा रही है। निदेशक प्रो. नचिकेता ने बताया कि बैठक में आए अभिभावकों ने अतिरिक्त कक्षा की जरूरत होने पर खुद पढ़ाने की इच्छा भी जताई है। इस बैठक का यह भी फायदा है कि अभिभावक बच्चों से मिल लेते हैं ताकि कोई परेशानी हो तो उन्हें पता चल सके। इसके अलावा संस्थान में जल्द ही अनुशासन समिति का गठन किया जा रहा है।
एनआईईपीवीडी का रेडियो स्टेशन भी बनेगा हमराह
एनआईईपीवीडी का 91.5 हैलो दून कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन भी बच्चों का हमराह बनेगा। रेडियो स्टेशन के स्पीकर बाहर राजपुर रोड और पीछे कैनाल रोड पर लगाए जा रहे हैं। अगर बच्चा किसी वजह से संस्थान से बाहर निकल जाएगा तो वह आसानी से पहचान लेगा।
संस्थान के प्रत्येक हॉस्टल में शिकायत पेटिका लगा दी गई है। हर शिकायत पेटिका की जांच के लिए शिक्षक तैनात कर दिए गए हैं। शिकायत पेटिका के पास रजिस्टर रख दिया गया है। बच्चा ब्रेल लिपि या हाथ से लिखकर यहां शिकायत दर्ज करा सकता है। इस शिकायत का अपडेट 12 घंटे के भीतर लिया जा रहा है। खुद निदेशक भी रजिस्टर चेक कर रहे हैं।
यौन शोषण का आरोपी छात्र सस्पेंड
एनआईईपीवीडी के एक छात्र द्वारा सहपाठी छात्रा के यौन शोषण मामले में संस्थान ने कार्रवाई की है। निदेशक ने आरोपी छात्र को एक सेमेस्टर के लिए सस्पेंड कर दिया है। निलंबन की समयसीमा पूरी होने पर भी छात्र को दाखिले से पहले अनुमति लेनी होगी। उधर, आरोपी छात्र मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा है।