पहाड़ में व्यापार करने वाले जो लोग आयकर नहीं भर रहे हैं, वह इस बार आयकर विभाग के निशाने पर आ गए हैं। एक अक्तूबर से मैदानी और पर्वतीय जिलों में आयकर विभाग का सर्वे शुरू होने जा रहा है। इसके लिए आयकर विभाग ने बड़े पैमाने पर प्लानिंग बनाई है।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त पीके गुप्ता ने बताया कि अभी तक आयकर विभाग का फोकस देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों पर रहता है। इस बार पहाड़ के हर ब्लॉक तक आयकर विभाग ने पहुंच बनाने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत एक अक्तूबर से सर्वे शुरू होने जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया जा रहा है। जो लोग आयकर रिटर्न भरने में लापरवाही कर रहे हैं या जिन्होंने आयकर रिटर्न में टैक्स की रकम छिपाई है। आयकर विभाग ने इस वित्तीय वर्ष के शुरुआती छह माह में केवल जागरुकता पर फोकस किया है। अब बाद के छह माह सर्वे पर फोकस रहेगा।