कालसी। 2.95 करोड़ की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज कोटी कॉलोनी का नया भवन बनेगा। शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। वर्तमान में विद्यालय करीब 64 वर्ष पुराने जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। बरसात में छत टपकने लगती है। अधिक बारिश होने पर विद्यालय प्रबंधन को छुट्टी करनी पड़ती है। छात्रों, शिक्षकों और अन्य स्टॉफ को हमेशा खतरा बना रहता है।
वर्ष 1960 में सिंचाई विभाग डाकपत्थर की भूमि पर बने भवन में इंटर कॉलेज का संचालन शुरू किया गया था। तब से लेकर अब तक भवन की मरम्मत नहीं हुई। अधिक बारिश होने पर छत का प्लास्टर गिरने लगता है। वर्तमान में यहां 250 छात्र-छात्राएं शिक्षणरत हैं। नया भवन तीन मंजिला होगा। इसमें 12 कक्ष, प्रधानाचार्य कार्यालय, प्रशासनिक कार्यालय तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि नए भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। पुराने भवन को ध्वस्त कर नया भवन बनाया जाना प्रस्तावित है। नया भवन बनने तक कॉलेज को अस्थाई रूप से उत्तराखंड जल विद्युत निगम के फील्ड हॉस्टल में शिफ्ट कराने की प्रक्रिया गतिमान है।
इन गांवों के पढ़ते हैं छात्र
विकासखंड कालसी के जीआईसी कोटी कालोनी में कोटी, परिहाड़, देस॓ऊ, जड़ाना, सिमोग, मंडोली, सराड़ी समेत 12 से अधिक गांव के छात्र पढ़ने आते हैं।