रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में भर्ती नवजात रुद्र को गोद लेने के लिए आवेदन करने वाले दंपतियों को अब परखा जाएगा। इस मामले को लेकर 20 मार्च को जिला सभागार में बैठक होगी जिसके बाद रुद्र के बारे में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सोमवार को हुई थी बैठक
सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राघव लंगर की अध्यक्षता में हुई जिला बाल कल्याण समिति की बैठक में बीते सप्ताह केदारनाथ तिराहे पर मिले नवजात को सुरक्षित हाथों में सौंपने के लिए विचार विमर्श हुआ।
इस मौके पर जिला बाल कल्याण अधिकारी/जिला समाज कल्याण अधिकारी व समिति के सचिव हर्षवर्द्धन भट्ट ने बताया कि रुद्र को गोद लेने के लिए उनके पास 7 आवेदन आए हैं। डीएम ने समिति को आवेदनकर्ताओं को बुलाने के निर्देश दिए।
स्वस्थ है रुद्र
कहा कि प्रशासन और समिति के सम्मुख नवजात को गोद लेने वाले दंपतियों से बातचीत के साथ-साथ उनके बारे में जानकारी भी ली जाएगी। बैठक में समिति अध्यक्ष ऊषा सकलानी, सदस्य सुनीता जोशी आदि मौजूद थे।
दूसरी तरफ जिला अस्पताल में भर्ती रुद्र ठीक है, लेकिन शिकायत मिली है कि जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा उसकी देखरेख में जरूरी सुविधाओं को लेकर कोताही बरती जा रही है।