पठानकोट में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तराखंड प्रदेश की नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पहले से ही सीमा पर सख्त चौकसी बरत रहे एसएसबी जवानों ने रविवार सुबह से गश्त तेज कर दी है।
एसएसबी के जवानों ने उपनिरीक्षक संग्राम सिंह के नेतृत्व में तालेश्वर, झूलाघाट, बलतड़ी में सशस्त्र गश्त की। सीमा पर स्थित एसएसबी के सभी बार्डर आउटपोस्ट के जवानों को सक्रिय कर दिया गया है। रात में भी पेट्रोलिंग की जा रही है।
उधर, धारचूला क्षेत्र में जौलजीबी से लेकर पांगला तक एसएसबी की गश्त तेज हो गई है। झूलापुलों पर नेपाल से आने वालों और नेपाल जाने वालों की चेकिंग की जा रही है।
पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट में एसएसबी 55वीं वाहिनी डी कंपनी के हेड कांस्टेबल धीरज जोशी, कांस्टेबल ईश्वर चंद, कमल किशोर, आशीष कुमार दुबे, मिंटू गौड़ आदि ने पूरे इलाके में रातभर गश्त की। थाना पुलिस ने प्रभारी पीसी मेलकानी के नेतृत्व में अलग-अलग टुकड़ियां बनाकर कानड़ी से आगे के इलाके में गश्त की।