Nepal Army Chief Rajendra Chhetri
- फोटो : file photo
भारतीय सैन्य अकादमी से 458 जेंटलमैन कैडेट्स पासआउट होंगे। इस बार नेपाल के सेना प्रमुख जनरल राजेंद्र छेत्री परेड की सलामी लेंगे। नौ जून को आईएमए में होने वाली पीओपी की तैयारियां तेज हो गई हैं। रिव्यूइंग ऑफिसर जनरल छेत्री को भारतीय सेना ने ‘मानद जनरल’ की रैंक से नवाजा हुआ है।
नेपाल के सेना प्रमुख का छह दिवसीय भारत दौरा बुधवार से शुरू हो गया। वह थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के निमंत्रण पर आए हैं। अपने इस दौरे के दौरान ही नौ जून को नेपाल चीफ भारतीय सैन्य अकादमी पहुंचेंगे।
वह वरिष्ठ भारतीय सैन्य अधिकारियों से भी मिलेंगे। इस उच्चस्तरीय दौरे से नेपाल और भारत, दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने के साथ ही द्विपक्षीय सहयोग भी मजबूत होगा। इन दिनों उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारत और नेपाल की सेना के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास ‘सूर्य किरण’ भी चल रहा है।
इसमें 300 सैनिक भाग ले रहे हैं। भारत व नेपाल के सैनिक आतंकवाद व विद्रोह से निपटने व संचालन के अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। यह सैन्य अभ्यास 12 जून तक चलेगा। नेपाल के सेना प्रमुख को भारतीय सेना मानद रैंक से नवाज चुकी है।