नारायणबगड़। केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
ब्लाक सभागार में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए सौभाग्य योजना, ग्रामीण विकास योजना, जीवन ज्योति योजना, आयुष्मान भारत जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। साथ ही उज्जवला योजना गरीब महिलाओं के लिए एक सौगात है। तीरथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने की अपील की। थराली की नवनिर्वाचित विधायक मुन्नी देवी शाह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। मुन्नी देवी शाह ने विधानसभा क्षेत्र के विकास में कार्यकर्ताओं से सहयोग मांगा। इस दौरान सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कर्णसिंह रावत, जिला महामंत्री पंकज डिमरी, जिला संयोजक गिरीश चमोला, दिलवर सिंह रावत, रणजीत सिंह, जगदंबा प्रसाद और दलीप नेगी ने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।