मेडिकल, आयुष, वेटरेनरी, एम्स, जिपमर दाखिलों की कॉमन प्रवेश परीक्षा नीट में 25 साल से अधिक आयु वालों को सशर्त मौका दिया गया है। दरअसल, आयु का वाद सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। एनटीए ने इस परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करते हुए आवेदन शुरू कर दिए हैं।
नीट का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से कराया जा रहा है। इसने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नीट का आयोजन देशभर में तीन मई 2020 को कराया जाएगा। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
एनटीए के मुताबिक, जनरल कैंडिडेट्स को 1500 रुपये, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी को 1400 रुपये और एससी, एसटी, दिव्यांग को 800 रुपये शुल्क देना होगा। गत वर्ष जनरल के लिए 1400 रुपये और एससी-एसटी वर्ग के लिए 750 रुपये शुल्क तय किया गया था। इस साल इसमें बढ़ोतरी होने के साथ ही कैंडिडेट्स को जीएसटी और प्रोसेसिंग फीस भी देनी होगी।