फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वायरल हुआ कांग्रेसी नेता हरीश रावत का वीडियो, गैरसैंण में ठंड को लेकर विधायकों से बोले...

Tue, 03 Dec 2019 09:47 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के गैरसैंण में विधानसभा सत्र नहीं करवाने की वजह ठंड बताने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार तंज कस रहे हैं। अपनी फेसबुक वॉल पर हरीश रावत कभी वीडियो तो कभी पोस्ट अपलोड कर रहे हैं। वे वीडियो में ठंड के मौसम का लुत्फ लेते हुए विधायकों को संदेश देते दिख रही हैं कि सर्दी से डरे नहीं।

विज्ञापन


उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान के बाद गैरसैंण में उपवास रखने का एलान किया है। 4 दिसंबर को वे गैरसैंण में सांकेतिक ही सही अपने उपवास के जरिये, गैरसैंण में विधानसभा सत्र नहीं करवाने पर विरोध प्रकट करेंगे। उनका मकसद त्रिवेंद्र सरकार को घेरने के साथ जनता के बीच संदेश पहुंचाना है कि सभी इसका विरोध प्रकट करें, जिससे गैरसैंण जीते।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो के माध्यम से रावत मुख्यमंत्री के गैंरसैंण में ठंड लगने वाले बयान का कटाक्ष कर रहे हैं। वीडियो एक घर की छत पर बना है। चारपाई पर बैठे हरीश रावत के हाथ में पेय पदार्थ से भरा गिलास है, जबकि दूसरे हाथ से वे कुछ खा रहे हैं।
विज्ञापन


वीडियो में वे बोल रहे हैं कि ‘उत्तराखंड के विधायक दोस्तों मैं इस समय अल्मोड़ा जनपद के सबसे ठंडे रहने वाले गांव मोहनरी में हूं। आप ठंड की चिंता छोड़िए, ठंडी तासीर को अपनाइये। विकास का रास्ता ठंड के साथ ही निकलेगा। आज मोहनरी में हूं। कल अल्मोड़ा में और फिर भीमताल और गैरसैंण जाऊंगा। मैं आप तक पहुंचाऊंगा कि ठंडी जगह कितनी सुहावनी लगती है। इसका आनंद लेने से चूकिए मत’। 

हरीश रावत की फेसबुक वॉल से 

फेसबुक पेज पर हरीश रावत की पोस्ट खूब वायरल हो रही है। वे लिख रहे हैं कि, ‘गैरसैंण को लेकर कुछ कुचक्र रचा जा रहा है। ऐसा करने वाले भी सामने आ जाएंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के बयान कि गैरसैंण में ठंड लगती है, से नया विषय उठ खड़ा हुआ है। अब राजनीति में या तो गैरसैंण समर्थक हैं, जो ठंड में भी खड़े होने को तैयार हैं और दूसरी तरफ  वे लोग हैं, जिनको सुविधाएं चाहिएं।
 
विधायकों से मैंने स्वयं अनुरोध किया है कि उनको गैरसैंण नहीं आना चाहिए, वो विधानसभा में रहें, जनता के बहुत सारे सवाल हैं उनको उठाएं। मगर गैरसैंण के झंडे को ऊंचा उठाकर के रखने वाले लोग इस अवसर पर गैरसैंण में जुटेंगे, क्योंकि यदि हम अपना गुस्सा नहीं दिखाएंगे, अपनी तकलीफ  नहीं बताएंगे, तो फिर यह ठंड गैरसैंण के साथ उत्तराखंड के साथ चिपक जाएगी। फिर हर कोई ठंड का बहाना लेकर गैरसैंण और गैरसैंण जैसी जगहों से कन्नी काटने लगेगा। मेरी मजबूरी है कि मुख्यमंत्री के इस बहुत दुखद बयान के बाद मैं चुप बैंठू, यह संभव नहीं है। इसलिए 4 तारीख को मैं सांकेतिक ही सही अपने उपवास के जरिए, अपना विरोध प्रकट करूंगा’।

हरीश डाइटिंग करने जा रहे गैरसैंण : त्रिवेंद्र 
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत के गैरसैंण में एक दिवसीय उपवास पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत बहुत मोटे तगड़े हो गए हैं, इसलिए वे डाइटिंग करने गैरसैंण जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह बयान ऋषिकेश में एक कार्यक्रम के दौरान दिया है। 
विज्ञापन

सीएम नए अर्थशास्त्र की जानकारी और कैलकुलेटर दें, पीएम को भेजूंगा

वहीं, हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की जीडीपी अगर 32 प्रतिशत है तो बेरोजगारी दर 23.5 प्रतिशत कैसे हो गई। जीडीपी बढ़ने पर रोजगार के अवसर और अधिक बढ़ते हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने नए अर्थशास्त्र के बारे में जानकारी दें और एक कैलकुलेटर भी भेजें। जानकारी और कैलकुलेटर को प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को भेज दूंगा। साथ ही लिखूंगा कि मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तराखंड में जीडीपी 32 प्रतिशत है तो देश की जीडीपी 64 प्रतिशत होनी चाहिए। 

स्वराज आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में रावत ने कहा कि दुनिया के सभी देशों में जीडीपी गिर रही है, मगर उत्तराखंड पर इसका असर नहीं हो रहा है। कांग्रेस ने अपनी सरकार में कर्ज नहीं लिया लेकिन त्रिवेंद्र सरकार आए दिन बैंक से कर्ज ले रही है। जब जीडीपी इतनी बेहतर है तो कर्ज की जरूरत क्यों पड़ रही है। शराब, खनन, वन, स्टांप और सर्विस सेक्टर से मिलने वाले राजस्व में वृद्धि नहीं हो रही है। राज्य में राजस्व वृद्धि दर घटकर 12 फीसदी से नीचे चली गई है।

हरीश रावत के अनुसार मनमोहन सरकार के अर्थशास्त्र में आम लोगों के उपभोग की वस्तुओं के दाम गिरते थे जबकि मोदी के अर्थशास्त्र में कॉल दरें ही 50 प्रतिशत तक महंगी हो गईं हैं। तीन माह में गैस के दाम 83 रुपये बढ़े हैं। नासिक में प्याज और राजस्थान में लहसुन पैदा करने वाले किसान उचित कीमत न मिलने के कारण रो रहे हैं। बाजार में प्याज सौ रुपये और लहसुन दो सौ रुपये किलो बिक रहा है। खाद्य तेल 95 रुपये से कम नहीं है। दालों के दाम भी बेकाबू हो गए हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें