फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनडी तिवारी की शादी पर बड़ा खुलासा

Fri, 16 May 2014 11:57 AM IST
अमर उजाला, हल्द्वानी
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के पूर्व ओएसडी और उनके भांजे भवानी दत्त भट्ट का कहना है कि पंडित जी याददाश्त के कच्चे हैं।
विज्ञापन


तिवारी जी की एक क्या एक दर्जनभर शादी भी करा दी जाएं तो तीन दिन बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला शर्मा ने उन्हें कैप्चर कर लिया है। उनकी सोचने-समझने की शक्ति क्षीण हो गई है।

श्री भट्ट ने फोन पर कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में तिवारी जी ने परिवार को कभी पास नहीं आने दिया। हैदराबाद कांड के बाद जब श्री तिवारी की प्रतिष्ठा दांव पर लग गई थी तब परिवार ने ही उन्हें संभाला।
विज्ञापन

मानसिक स्थिति नहीं है ठीक

उन्होंने कहा कि श्री तिवारी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इस बारे में उनके लीगल एडवाइजर, डॉक्टरों और उनके भाई से पूछा जा सकता है।

चुनाव के दौरान रीता बहुगुणा जोशी भी श्री तिवारी से मिलने आई थीं, मगर तिवारी जी उनको नहीं पहचान पाए।

भट्ट ने कहा कि उपचार और काफी मेहनत के बाद पिछले एक-डेढ़ साल में श्री तिवारी की सेहत में सुधार हुआ था, अब उनका आखिरी वक्त सुकून से गुजरे यही दुआ की जा सकती है।

परिजनों को पता ही नहीं चला

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एनडी तिवारी की उज्ज्वला शर्मा से लखनऊ में विवाह की खबर भले ही सुर्खियों में रही हो, लेकिन पदमपुरी में रह रहे तिवारी के परिजनों को इसकी कोई जानकारी नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का धारी ब्लॉक के पदमपुरी गांव के पास ही पैतृक निवास है। इसी निवास में तिवारी का बचपन बीता था। वर्तमान में पदमपुरी में तिवारी के चचेरे भाई दुर्गादत्त तिवारी अपने परिवार के साथ रहते हैं।

लोकसभा चुनाव से पहले जब तिवारी नैनीताल दौरे पर थे तो 24 मार्च को उनका पदमपुरी जाने का कार्यक्रम था, लेकिन बाद में उन्होंने वहां जाने से मना कर दिया था। हालांकि, एनडी के जैविक पुत्र रोहित शेखर और उज्ज्वला शर्मा पदमपुरी गए थे।

बृहस्पतिवार को जब फोन पर एनडी के चचेरे भाई दुर्गादत्त तिवारी से इस शादी के बारे में बात की गई तो उनका कहना था कि हमसे इस मामले में कुछ न पूछें। न तो उन्हें शादी के बारे में पता है और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य इस विवाह समारोह में शामिल हुआ।

बेटा नहीं आया मम्मी-पापा की शादी में

लखनऊ में उज्ज्वला के साथ हुई शादी में उज्जवला शर्मा और तिवारी के पुत्र रोहित शेखर मौजूद नहीं रहे। हालांकि तिवारी की तरफ से हल्दूचौड़ हल्द्वानी निवासी उनके ताऊ की बहन की लड़की दीपा भट्ट, तनुजा भट्ट, भाष्कर भट्ट के साथ उनके नए ओएसडी अरुण शुक्ला के पारिवारिक सदस्य विवाह समारोह में शामिल हुए।

रोहित की गैर मौजूदगी पर उज्जवला ने कहा क‌ि सब कुछ इतना जल्दी में हुआ, इसीलिए रोहित नहीं पहुंच पाया।

इस विवाह समारोह में तिवारी जी अपने बेडरूम से दूल्हे की पोशाक में उज्ज्वला के पूजा हाल में पहुंचे। इसके बाद जूता छुपाई, धेली रोकने की रस्म हुई। दुर्गणा रस्म के साथ फेरे के समय गठबंधन उनकी भाभी डा. रेखा ने किया तो खीले छोटे भाई डा. तरुण ने। इसके बाद भोजन हुआ और फिर सभी मेहमान तिवारी जी और उज्ज्वला को बधाई दे अपने घर चले गए।

अगले हफ्ते होगी कोर्ट मैरिज

यूं तो हिंदू रीति-रिवाज के साथ एनडी तिवारी ने बुधवार 14 मई को दूसरी शादी उज्ज्वला शर्मा के साथ की, लेकिन अगले हफ्ते एनडी तिवारी की शादी कोर्ट में होगी, ताकि इस विवाह को कानूनी रूप मिल जाए।

उज्ज्वला शर्मा ने बताया कि अभी तारीख तय नहीं है, लेकिन अगले हफ्ते मैं और तिवारी जी कोर्ट मैरिज करेंगे।

शादी की होगी भव्य पार्टी
एनडी तिवारी की शादी तो सादगी के साथ निकटतम पारिवारिक लोगों के बीच संपन्न हो गई, लेकिन इस शादी की पार्टी जल्द ही विशाल और भव्य होगी।

तिवारी की नवब्याहता उज्ज्वला शर्मा ने बताया कि शादी तो जल्दबाजी में हो गई, लेकिन पार्टी में अपने सभी शुभचिंतकों को बुलाया जाएगा।

शुक्रवार को पहली पत्नी की पुण्यतिथि

पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी 10 मई 1954 में डॉ. सुशीला तिवारी के साथ परिणय सूत्र में बंधे थे। डॉ. सुशीला तिवारी अल्मोड़ा के सनवाल परिवार से ताल्लुक रखती थीं।

सनवाल परिवार के सभी सदस्य सुशिक्षित, कर्तव्यनिष्ठ, देश प्रेम के प्रति समर्पित थे। उस वक्त महिला डॉक्टरों की संख्या भी बहुत कम थी।

डॉ. सुशीला तिवारी के भतीजे और नारायण दत्त तिवारी के छोटे भाई के पुत्र मनीषी तिवारी शुक्रवार को अपनी ताई की पुण्यतिथि मनाने के लिए लखनऊ पहुंच गए।

मनीषी ने फोन पर बताया कि निशातगंज पुल पर संकल्प वाटिका में ताई की प्रतिमा लगी है, शुक्रवार को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर छाए तिवारी

तिवारी जी को हमारी शुभकामनाएं। उनका दांपत्य जीवन सुखमय हो। 88 वर्ष की उम्र में आखिर तिवारी जी ने उज्जवला शर्मा से दूसरी शादी कर ली। पूरे रीति-रिवाज से हुए इस विवाह का साक्षी शायद पूरा देश बना।

हल्द्वानी के लोग भले ही प्रत्यक्ष रूप से इस ऐतिहासिक विवाह पर प्रतिक्रिया न कर पाए हों, मगर फेसबुक पर हल्द्वानी के हर वर्ग की जमकर प्रतिक्रियाएं आईं। लोगों ने तिवारी जी की शादी की तस्वीरें खूब लाइक की। उन पर कमेंट भी किए।

कुछ इस तरह के रहे कमेंट
- शादी की शुभकामनाएं, मगर ये दिन बार-बार न आए।
- कांग्रेस के युवराज को एनडी से लेना चाहिए सबक।
- अब वाकई कांग्रेस के अच्छे दिन आने वाले हैं।
- कुछ कांग्रेसी हनीमून को तैयार हैं तो कुछ शादी को।
- शादी तो हो गई, अब पुत्रवान हों तिवारी जी।
- आज हमारे बुबू पापा बन गए।
- अभी तो मैं जवान हूं।
- अब टेंशन नहीं। शादी की उम्र 90 साल हो गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें