- बाबूगढ़ चुंगी से लांघा रोड तक बाइपास मार्ग की असमतल सड़क बन रही परेशानी का सबब
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। बाबूगढ़ चुंगी से लांघा रोड तक बाइपास मार्ग की बदहाल स्थिति से वाहन चालक परेशान हैं। सड़क के कई हिस्सों में असमतल सतह और धंसे स्थानों के कारण आवागमन में दिक्कत हो रही है। वहीं, संकरी पुलियाओं और मोड़ों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
विकासनगर से देहरादून जाने वाले सैकड़ों वाहन प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं। गुरुराम राय स्कूल के पास और ग्राम छोटूवाला के नजदीक बनी पुलिया सड़क की तुलना में काफी संकरी हैं। इन पुलियाओं से एक समय में एक ही वाहन आसानी से गुजर पाता है। मोड़ पर पुलिया होने के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे वाहनों के टकराने की आशंका बनी रहती है। वाहनों की आवाजाही बाधित होने से कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है।
सड़क की असमतल सतह और धंसाव से दोपहिया वाहन चालकों को वाहन संभालने में परेशानी होती है। गुरुराम राय स्कूल के पास पुलिया पर लगा लोहा भी कई जगह से टूट चुका है, जिसके किनारे तीखे हो गए हैं। स्थानीय निवासी राहुल डोगरा और नरेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग पर हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने और पुलियों को सुरक्षित व चौड़ा करने की मांग की है। उधर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु नौटियाल ने बताया सड़क निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शासन में विचाराधीन है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कराया जाएगा।