विकासनगर। क्षेत्र के ग्राम लांघा के पसौली स्थित मिनी स्टेडियम में आदर्श क्लब खेल एवं सांस्कृतिक उत्थान समिति की ओर से 28वीं विशाल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। खेलने से बच्चे तंदुरुस्त रहते हैं और स्वस्थ रहना जीवन की सबसे बड़ी कमाई है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समिति के अध्यक्ष चेतराम चौहान ने बताया प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से किया गया है। खेल गतिविधियों से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। इस दौरान उपाध्यक्ष बारू दत्त शर्मा, प्रभाकर पुंडीर समेत अन्य पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।