प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार उत्तराखंड आ रहे हैं। इसे लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। तो चलिए जानते हैं इसके पीछे की वजह...
पीएम मोदी 26 व 27 अक्तूबर को मसूरी आएंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत रविवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके साथ ही एलआईयू भी हर मसूरी आने वाले पर्यटक पर नजर रख रही है।
विदेशी पर्यटकों का पूरा रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पीएम रात्रि निवास भी मसूरी में ही करेंगे। बता दें कि पिछले दिनों भी उनके मसूरी आने का कार्यक्रम बना था, लेकिन वह स्थगित हो गया। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने पर वे यहां आए। इसलिए अब वे मसूरी आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अक्तूबर को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में भावी अफसरों से रूबरू होंगे। 26 अक्तूबर को पहुंचकर पीएम 27 को अकादमी के फाउंडेशन कोर्स के आईएएस प्रशिक्षुओं को संबोधित करेंगे।
एसडीएम मीनाक्षी पटवाल ने बताया कि पीएम दौरे को लेकर अकादमी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वहीं, मसूरी पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि पीएम दौरे पर उनसे मसूरी को स्मार्ट हिल स्टेशन बनाने की मांग रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में एक भी नया हिल स्टेशन स्थल नहीं बनाया गया और मसूरी इसमें सबसे अधिक प्रसिद्ध व पर्यटकों का पसंदीदा स्थल हैै। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मसूरी आगमन के दृष्टिगत एलआईयू यूनिट व विदेश शाखा देहरादून ने गांधी चौक मसूरी से कैंपटी रोड, शिल्टन, क्लासिक, रतन, जीत, विष्णु पैलेस, द्वापर इत्यादि होटलों में चेकिंग अभियान चलाया।
सभी होटल प्रबंधकों को सतर्क रहने तथा किसी व्यक्ति के संदिग्ध प्रतीत होने पर तुरंत स्थानीय पुलिस व एलआईयू को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल में ठहरे बाहरी व्यक्तियों की आईडी सत्यापन हेतु संबंधित राज्य के जनपदों को प्रेषित की जा रही है।
हालांकि चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं पाया गया। इसके अलावा गांधी चौक से कैंपटी रोड होते हुए अकादमी गेट तक लगी चाय, सब्जी ठेली, नाई की दुकान, रेस्त्रां में कार्यरत बाहरी व्यक्तियों और अकादमी परिसर में मौजूद मजदूरों, तिब्बती होम फाउंडेशन, पोलो ग्राउंड में कार्यरत मजदूरों और एलबीएस के पोलो ग्राउंड तक दुकानदारों, किराएदारों का भौतिक सत्यापन अभियान भी चलाया गया। पीएम मोदी रात्रि प्रवास भी मसूरी में ही करेंगे।