प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 20 अक्तूबर को केदारनाथ धाम पहुंचकर नई केदारपुरी का शिलान्यास करेंगे। वे, आदिगुरू शंकराचार्य के समाधि स्थल, संग्राहलय सहित अगले एक वर्ष में होने वाले पुनर्निर्माण कार्यो का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर पीएम धाम में जनता को संबोधित भी करेंगे।
मिशन 2019 को लेकर भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी अपने स्तर से कोई कमी नहीं रखना चाहते हैं। ऐस में प्रधानमंत्री बाबा केदार के कपाट बंद होने से एक दिन पहले 20 अक्तूबर को धाम पहुंच रहे हैं। वे करीब 15 मिनट मंदिर के गर्भगृह में बाबा केदार की पूजा कर दर्शन करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मास्टर प्लान से बसाई जाने वाली केदारपुरी का शिलान्यास करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी मंदिर के समीप आदिगुरू शंकराचार्य के समाधि स्थल के पुनर्निर्माण, संग्राहलय निर्माण, मंदाकिनी व सरस्वती नदी के तटों पर बनने वाली सुरक्षा दीवार सहित मंदिर के आगे मंदाकिनी नदी किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण सहित अन्य पुनर्निर्माण कार्यो का शिलान्यास करेंगे।
सूत्रों के अनुसार मास्टर प्लान के तहत नई केदारपुरी में होने वाले पुनर्निर्माण कार्यो का प्रधानमंत्री के सम्मुख प्रेजेटेंशन भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 20 अक्तूबर को केदारनाथ धाम में जनता को संबोधित भी करेंगे।
मिशन 2019 का होगा शंखनाद
बाबा केदार की यात्रा में यह पहला मौका होगा, जब आजाद भारत का कोई प्रधानमंत्री धाम में जनता को संबोधित करेगा। बताया जा रहा कि मंदिर परिसर में ही संबोधन के लिए मंच तैयार किया जाएगा।
प्रशासन व पुलिस द्वारा प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी, देश के पहले पीएम होंगे, जो एक सीजन में दो बार धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करेंगे। वे कपाट खुलने पर बीते 3 मई को धाम पहुंचे थे।
धाम में 20 अक्तूबर को जिन पुनर्निर्माण कार्यो का पीएम मोदी द्वारा शिलान्यास किया जाएगा। वे सभी कार्य अक्तूबर 2018 में पूरे किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि अगले वर्ष प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ही इनका लोकार्पण कर केदारपारी से मिशन 2019 का शंखनाद भी किया जाएगा।
विदित हो कि करीब दो माह पूर्व दिल्ली मगें हुई विशेष बैठक में नई केदारपुरी को लेकर चर्चा कर प्लान तैयार किया गया था। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, निम के प्राचार्य कर्नल अजय कोठियाल, डीएम रुद्रप्रयाग मंगेश घिल्डियाल व जिंदल ग्रुप के अधिकारी थे।
प्रधानमंत्री के केदारनाथ भ्रमण को लेकर अधिकारिक रूप से लिखित आदेश नहीं मिला है। बावजूद प्रशासनिक व पुलिस स्तर से भ्रमण की सभी तैयारियां की जा रही है।
-- मंगेश घिल्डियाल, डीएम रुद्र्रप्रयाग