नैनीताल की सुकीर्ति कांडपाल बिग बॉस सीजन-8 के पहले राउंड में भले ही बाहर हो गईं, लेकिन वह सोमवार से एंड टीवी पर शुरू होने वाले सीरियल ‘दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल’ में मुख्य किरदार निभाती नजर आएंगी।
अमर उजाला से बातचीत में सुकीर्ति ने बताया कि ‘दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल’ सीरियल किताब ‘द प्राइसी ठाकुर गर्ल’ पर आधारित है। इसमें उसे देबजानी नाम से मुख्य किरदार की भूमिका निभाने का मौका मिला है।
सीरियल में देबजानी को किताबें और कुत्तों से बहुत प्यार है। वह ठाकुर परिवार की पांच बेटियों में से बहुत ही होनहार है। देबजानी पेशे से जर्नलिस्ट हैं।
वह कहती हैं कि जर्नलिस्ट की भूमिका निभाने के लिए मैंने कई न्यूज चैनल और समाचार पत्रों के दफ्तरों में जाकर देखा कि कैसे पत्रकार काम करते हैं, जिससे मुझे पत्रकार की भूमिका निभाने में काफी आसानी हुई है। सीरियल की अधिकांश शूटिंग दिल्ली में ही हुई है।