राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) उत्तराखंड के किसानों के लिए भी ‘रुपे किसान क्रेडिट कार्ड’ योजना शुरू करने जा रहा है। यह योजना कई राज्यों में चल रही है।
इस कार्ड के जरिये किसान एटीएम से तय सीमा तक धनराशि निकला और जमा करा सकेंगे। उत्तराखंड में यह योजना वर्ष 2016 के अंत या 2017 की शुरुआत में शुरू हो जाएगी।
अमर उजाला से खास बातचीत में नाबार्ड के नए मुख्य महाप्रबंधक दिलीप एन मगर ने कहा कि रुपे क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसान की वित्तीय स्थिति और संपदा को देखते हुए क्रेडिट लिमिट तय की जाएगी। जरूरत के समय किसान तय सीमा तक एटीएम से धनराशि निकाल सकेंगे। इससे किसान, बागवान और पशुपालक साहूकारों के चंगुल में नहीं फंसेंगे।
सीजीएम दिलीप एन मगर ने बताया कि देहरादून में स्वयं सहायता समूहों के लिए भी नया प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) का वृहद डाटा बैंक तैयार किया जाएगा।