विधानसभा चुनाव में मुस्लिम यूनिवर्सिटी को मुद्दा बनाकर पूर्व सीएम हरीश रावत की छवि खराब करने के मामले की शिकायत इस बार पुलिस मुख्यालय पहुंची है। कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को शिकायती पत्र सौंपकर भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को पुलिस महानिदेशक को सौंपे शिकायती पत्र में प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की राजनीतिक एवं सामाजिक छवि को धूमिल करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक व्यक्ति की ओर से मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर दिए गए बयान का हरीश रावत से कोई लेना-देना नहीं था।
न ही उन्होंने कभी किसी समाचार पत्र या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में इस प्रकार का कोई बयान दिया। इसके बावजूद भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से रावत की छवि को धूमिल करने की नीयत से मिथ्या प्रचार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: भूस्खलन से बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह बंद, तस्वीरों में देखें नदियों का रौद्र रूप
इस संबंध में कांग्रेस की शिकायत पर निर्वाचन आयोग की ओर से संबंधित भाजपा नेताओं को नोटिस भी जारी किया गया था। इसी संदर्भ में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रवेश रावत ने तीन फरवरी को थाना कोटद्वार में तहरीर दी। इसके अलावा मनीष कर्णवाल ने भी 15 मार्च, को अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए हरिद्वार के थाना कनखल में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस की ओर से किसी भी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।