लगातार बढ़ रही गर्मी से दून में लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैैं। तेज धूप, गर्मी और उमस के चलते लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को दून में पारा 38.8 डिग्री तक पहुंच गया है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान बुधवार को 39 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वहीं, 30 और 31 मई को तापमान के 40 डिग्री पार होने के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की उम्मीद कम है, ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत के लिए इंतजार करना होगा।
प्रदेश में लोगों को जून के पहले हफ्ते में तेज धूप, गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। एक से तीन जून के बीच बारिश के आसार हैं। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में भी कमी आएगी।