तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक उत्पाती बंदर की करतूत ने तकरीबन आधे शहर की बिजली ढाई घंटे तक गुल कर दी। बंदर ने बिजली के पोल को जोरदार झटका दे दिया, जिससे पोल में लगा पिन इंस्यूलेटर फट गया।
चिंगारी के साथ तार टूटकर जमीन पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त वहां से कोई गुजर नहीं रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तकनीकी खराबी दुरुस्त करने में करीब ढाई घंटे लग गए।
पोल को हिलाने से टकरा गए तार
शैल विहार में तहसील, बिजली दफ्तर और अन्य सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। यहीं एसडीएम आवास भी है। बिजली दफ्तर के सामने बिजली घर से आधे शहर दून रोड, इंदिरानगर, नेहरूग्राम, बनखंडी, रेलवे रोड, ढालवाला को विद्युत आपूर्ति होती है।
बताया जाता है कि बुधवार शाम करीब पौने पांच बजे एसडीएम आवास के पास एक बंदर पोल पर चढ़ा और उसे जोर जोर से हिलाने लगा। तभी सभी तार आपस टकरा गए। इससे पिन इंस्यूलेटर धमाके के साथ फट गया और आपूर्ति ठप हो गई।
बंदरों के उत्पात से परेशान
अवर अभियंता अरविंद नेगी ने बताया कि तहसील क्षेत्र में बंदरों की भरमार है। वन विभाग से समस्या समाधान की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी लापरवाही का नतीजा बुधवार को आधे शहर को झेलना पड़ा।