प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 और 27 नवंबर 2014 को नेपाल में होने वाले 18वें सार्क सम्मेलन के दौरान पड़ोसी देश के लिए अनुपम भेंट साथ ले जाएंगे। अपनी यात्रा में मोदी वहां दो आम सभा संबोधित करेंगे। इस दौरान वह महाबोधि वृक्ष का वंशज पौधा नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोईराला को उपहार देंगे।
इस पौधे की जांच और नेपाल तक पहुंचाने का इंतजाम करने फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट(एफआरआई) देहरादून के वैज्ञानिकों की टीम गया (बिहार) रवाना हो चुकी है।
महाबोधि वृक्ष के अस्तित्व पर मंडराते संकट को देखते हुए वर्ष 2007 में इसके संरक्षण की जिम्मेदारी एफआरआई के वैज्ञानिकों को दी गई थी। सात साल में वैज्ञानिकों ने करीब 120 साल पुराने महाबोधिवृक्ष को एक नया रूप दिया है। इसके वंशज पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इनमें एक पौधा नेपाल ले जाएंगे। एफआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एनएसके हर्ष ने बताया कि डा. एस नौटियाल और उनकी टीम दो दिन में पौधे को इस तरह पैक करेगी, जिससे यह कई दिन तक जीवित रह सकेगा।