रुड़की में विधायक प्रदीप बत्रा को ज्ञापन देते शिक्षक।
- फोटो : ROORKEE
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ हरिद्वार के जिलाध्यक्ष राजेश सैनी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विधायक प्रदीप बत्रा को ज्ञापन सौंपा। इस पर विधायक ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पेंशन बहाली के लिए पत्र भेजा है।
बृहस्पतिवार को विधायक प्रदीप बत्रा को ज्ञापन सौंपते हुए प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी, प्रांतीय सलाहकार अविनाश कुमार व अरविंद कुमार आदि ने बताया कि अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना समाप्त कर नई पेंशन योजना लागू की गई है, जो कि पूरी तरह शेयर मार्केट के उतार चढ़ाव पर निर्भर है। इसमें आवश्यकता पड़ने पर जीपीएफ की तरह लोन लेने की भी सुविधा नहीं है। इस पर विधायक प्रदीप बत्रा ने शिक्षकों की मांग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र प्रेषित कर बताया है कि नई पेंशन योजना में विसंगतियों के कारण शिक्षकों के हित सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का अनुरोध किया है।