भाजपा से निष्कासित हुए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन पर टिप्पणी करने से वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत कतराते नजर आए। मल्लीताल स्थित नैनीताल क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि चैंपियन के विवाद और उनको निष्कासित करने के विषय में उन्हें अधिक जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस संबंध में कोई टिप्पणी नही करेंगे।
वहीं देवप्रयाग में खुले शराब प्लांट को उन्होंने सरकार की सकारात्मक पहल बताया।
कहा कि शराब प्लांट का खुलना प्रदेश के किसानों के हित में है। प्रदेश में भारी मात्रा में फलों को उत्पादन होता है, जिसे सही बाजार नहीं मिलने से किसानों को भारी नुकसान होता है। प्लांट के खुलने से किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग में नए युवा अधिकारियों की नियुक्तियां की जा रही है।
इसी क्रम में प्रदेश को पूर्व में छह आईएफएस ऑफिसर मिल चुके हैं, इसके अतिरिक्त रेंजर स्तर के अधिकारियों के प्रमोशन और भर्ती के लिए अधियाचन उनके स्तर से भेजा गया है। उन्होंने कहा कि फॉरेस्ट गार्ड भर्ती का मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, नतीजतन फील्ड स्टाफ की कमी बनी है।