विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने रुड़की के नगला इमरती निवासी भाजपा नेता समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें बताया कि उक्त लोगों ने उनके खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया और लोगों को संगठित कर उनके खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचा है। विधायक ने अदालत में परिवाद दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक चैंपियन के अधिवक्ता अरूण भदौरिया की ओर से हरिद्वार कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया गया है कि 12 जुलाई को नगला इमरती निवासी भाजपा नेता मनोज त्यागी समेत दो अन्य लोगों ने सभा का आयोजन किया। और भड़काऊ भाषण देकर लोगों को विधायक के खिलाफ उकसाने की कोशिश की। प्रार्थनापत्र में विधायक चैंपियन का शिलापट्ट तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि उक्त लोगों ने उनकी सुरक्षा में लगे कर्मियों को हटाने के लिए भी उकसाया। प्रार्थनापत्र में बताया गया है कि इस बाबत कनखल कोतवाली में भी लिखित शिकायत की गई थी। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। विधायक चैंपियन ने उनके खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और माहौल खराब करने समेत कई आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।