- पंजाबी कॉलोनी में 17.89 लाख की लागत से बन रहे स्मारक को लेकर विवाद
- काम अधूरा होने और विधायक के देरी से पहुंचने पर पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने किया बहिष्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। नगर पालिका क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी (पोस्ट ऑफिस के पीछे) में शुक्रवार को शहीद स्मारक स्थल के लोकार्पण समारोह में जमकर हंगामा हुआ। अधूरे निर्माण और स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान के तय समय पर न पहुंचने से नाराज पूर्व सैनिकों एसोसिएशन ने विरोध जताते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। भारी विरोध के बीच विधायक ने स्मारक का लोकार्पण किया। वहीं, इस विवाद के बाद कुछ पूर्व सैनिक विधायक के समर्थन में उतर आए और विरोध को पूर्व नियोजित व राजनीति से प्रेरित करार दिया।
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछुवादून (पीबीओआर) के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह डोगरा ने बताया कि स्मारक का निर्माण करीब ढाई साल से चल रहा है। मौके पर लगे बोर्ड के अनुसार 17.89 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम अब भी अधूरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्माण पूरा ही नहीं हुआ, तो शहीदों के सम्मान से जुड़े इस स्मारक के लोकार्पण की जल्दबाजी क्यों की जा रही है। उन्होंने अधूरे स्मारक का लोकार्पण करने को शहीदों की गरिमा के खिलाफ बताया।
देरी से भड़के पूर्व सैनिक, किया बहिष्कार का एलान
पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे तय था, लेकिन विधायक साढ़े 11 बजे तक नहीं पहुंचे। पहले से ही अधूरे काम को लेकर नाराज चल रहे पूर्व सैनिकों का धैर्य इसके बाद जवाब दे गया। सुबह 11:35 बजे उन्होंने सर्वसम्मति से कार्यक्रम के बहिष्कार का एलान कर दिया। बहिष्कार करने वालों में हवलदार सुरेश नौटियाल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), नायब सूबेदार जोगिंदर सिंह चौहान, नायक कुलवंत नागपाल, कैप्टन चंदन सिंह सजवाण सहित कई पूर्व सैनिक शामिल रहे।
कोर्ट का फैसला आते ही पूरे होंगे शेष काम
विरोध और बहिष्कार के बीच विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने स्मारक का लोकार्पण कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि यह स्मारक राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान का प्रतीक बनेगा, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। विधायक ने स्पष्ट किया कि स्मारक को जनभावना के अनुरूप बहुत अच्छा बनाया गया है। वीर सैनिकों के नाम की स्टील प्लेट लगने और कुछ सौंदर्यीकरण का काम शेष है, जो एमडीडीए के माध्यम से होना है। ठेकेदारों के न्यायालय में जाने से मामला लंबित है। कोर्ट का निर्णय आते ही शेष कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
शहीदों के नाम पर राजनीति करना अनुचित
उधर, विवाद के बीच कुछ पूर्व सैनिक विधायक के समर्थन में आ गए। नायब सूबेदार हरवीर सिंह, हवलदार बलदेव, प्रताप सिंह चौहान, सूबेदार राजकुमार सहित कई पूर्व सैनिकों ने कहा कि स्मारक निर्माण एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोग अलग विचारधारा के हैं और कार्यक्रम में व्यवधान डालने की योजना दो माह पहले ही बना ली गई थी। उन्होंने बताया कि निर्माण के दो अलग-अलग टेंडर हुए थे, जिनमें से एक का काम पूरा हो चुका है। विधायक की व्यस्तता के कारण पहुंचने में थोड़ी देरी हुई, इसे राजनीतिक तूल देना शहीदों के सम्मान के लिहाज से उचित नहीं है।