- राजकीय इंटर कॉलेज मेहरावना का खंड शिक्षा अधिकारी ने लिया जायजा
- अभिभावकों ने शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर जताई चिंता, एसआईआर ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। राजकीय इंटर कॉलेज मेहरावना में शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी बुशरा ने औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्र उपस्थिति, शिक्षण कार्य, मध्याह्न भोजन और स्वच्छता समेत सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों के शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में मौजूद अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर जैसे गैर शैक्षणिक कार्यों में न लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को इस तरह के कार्यों में लगाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विद्यालय में शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी शिक्षण कार्य होना चाहिए। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र हित और शिक्षा की गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।