चंपावत जिले के खेतीखान क्षेत्र के नरसिंहडांडा में मजदूरी करने वाले एक युवक का शव घर से एक किलोमीटर दूर रास्ते पर पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार की शाम ओलावृष्टि के बाद अत्यधिक ठंड के चलते युवक की मौत हुई हो। फिलहाल मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को नरसिंहडांडा क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों से पूछताछ में शव की शिनाख्त दीपक कुमार (37) पुत्र लक्ष्मी प्रसाद निवासी धनियाबाढ़ा के रूप में हुई। बताया जाता है कि दीपक कुमार खेतीखान की तरफ से मजदूरी करके शुक्रवार शाम नरसिंहडांडा लौट रहा था, लेकिन रात में वह घर नहीं पहुंचा।
शनिवार की सुबह घर से एक किलोमीटर दूर रास्ते पर उसका शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया लग रहा है कि घर लौटते समय हुई ओलावृष्टि के दौरान पैर फिसलने से वह गिर गया होगा। बाद में ठंड में पड़े रहने से उसकी मौत हो गई। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो पाएगी। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी थी।