जैसे ही वह कस्बे से करीब एक किमी की दूरी पर पहुंचे तो पीछे से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक दोनों तरफ से घेर ली। इसके बाद पिस्टल दिखाते हुए उनकी बाइक रोकी और रुपयों से भरा थैला छीन लिया।
लूट के बाद बदमाश उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर मंगलौर की ओर फरार हो गए। अनुज ने किसी तरह लूट की सूचना मोबाइल से जेई संदीप कुमार को दी। इसके बाद जेई ने पुलिस को सूचना दी।
आननफानन में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन बाइक सवार बदमाशों का पता नहीं चला। वहीं, जेई संदीप कुमार ने अनुज शर्मा के साथ झबरेड़ा थाने पहुंचकर लूट की तहरीर दी। एसओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 48 घंटे के भीतर लूट की चार वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक न ही बदमाशों तक पहुंच पाई है और न ही यह पता लगा पाई है कि बदमाश कहां भूमिगत हो गए। वहीं, लूट की ताबड़तोड़ वारदात से लोगों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है। खाकी के सामने भी अपना इकबाल कायम रखना बड़ी चुनौती है।
...तो रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
बदमाशों ने जिस अंदाज में ऊर्जा निगम के कर्मचारी से डेढ़ लाख की लूट की वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने घटना से पहले रेकी की होगी। बदमाशों को यह भी पता था कि रोजाना की तरह अनुज शर्मा ठीक तीन बजे बिजली बिल की रकम अकेले ही रुड़की ले जाते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी परिचित का हाथ तो नहीं है, जिसने बदमाशों को पूरी जानकारी दी है। एसओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि इस एंगल से जांच के साथ ही बदमाशों की तलाश की जा रही है।
झबरेड़ा में एक ही रात में तीन कोल्हुओं पर हुई लूटपाट के मामले में एसएसपी रिधिम अग्रवाल ने लखनौता चौकी इंचार्ज समेत तीन सिपाहियों को लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया है। एसएसपी की ओर से की गई कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा है।
उधर सोमवार देर रात झबरेड़ा मंगलौर मार्ग पर स्थित कय्यूम के गन्ना कोल्हू पर तीन से चार नकाबपोश बदमाश आ धमके। हालांकि इससे पहले वे लूटपाट करते, कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्हें खदेड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की कांबिंग की लेकिन उनका कुछ पता नहीं लगा।
बता दें कि झबरेड़ा में शनिवार की रात करीब 12 बजे गुरुकुल नारसन मार्ग पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर तीन कोल्हुओं पर जमकर कहर बरपाते हुए लूटपाट करते हुए मजदूरों से मारपीट की थी। इतना ही नहीं बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
एक ही रात में तीन कोल्हूओं पर लूटपाट होने के मामले को एसएसपी रिधिम अग्रवाल गंभीरता से लिया। साथ ही लखनोता चौकी इंचार्ज से रात में गश्त की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि चौकी इंचार्ज और सिपाहियों ने एसएसपी को गुमराह करते हुए गश्त करने और मौके पर जाने को लेकर गलत जानकारी दी। इसपर एसएसपी ने सोमवार की देर शाम लखनोता चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह समेत सिपाही हरेंद्र, विद्याशरण, प्रकाश को सस्पेंड कर दिया है।
एसएसपी के पीआरओ अनिरुद्ध व्यास ने बताया कि एसएसपी की ओर से यह कार्रवाई की गई है। उधर, बताया जा रहा है कि लूट के मामले में एसएसपी की ओर जल्द ही और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है और पर भी गाज गिर सकती है।