बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस विफल साबित हो रही है। शुक्रवार रात एक युवती के कमरे के दरवाजे, खिड़की जलाने की घटना के बाद शनिवार रात को आपराधिक तत्वों ने बाजार में खड़ी एक बाइक को आग लगा दी।
इससे गुस्साए व्यापारियों ने रविवार को बाजार बंद कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर सांकेतिक जाम लगाया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर थानाध्यक्ष को हटाने की मांग करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किए जाने पर 23 सितंबर को थाने का घेराव कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार रात को एक लड़की के कमरे के दरवाजे, खिड़की पर आग लगाने के आरोपी को अभी पुलिस पकड़ भी नहीं पाई थी कि शनिवार रात पुलिस गश्त के दौरान थाने से महज 400 मीटर की दूरी पर शनिवार रात को शरारती तत्वों ने बाजार में दुकान के बाहर खड़ी फोटोग्राफर राजेश बिष्ट की बाइक को आग लगा दी, जिससे दुकान को भी काफी नुकसान हुआ है।
इसके विरोध में व्यापारियों ने रविवार सुबह बाजार बंद कर सांकेतिक जाम लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले 28 अगस्त की रात को बाजार में खड़े चार वाहनों के शीशे तोड़े गए। 30 अगस्त का दो शिक्षिकाओं के मोबाइल चोरी हुए। बावजूद पुलिस लापरवाह बनी हुई है।
क्षेत्र के केदार सिंह राणा, सब्बल सिंह राणा, भान सिंह नेगी, रोशन रांगड़, त्रिलोक रावत, हुकम सिंह रावत, दिनेश बिष्ट, बिजेंद्र बिष्ट, मनमोद रावत, खुशाल सिंह रावत, अर्जुन बिष्ट, नरेश रावत, खुशाल सिंह रावत, सुरेश रावत और जयदीप रावत आदि व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि 22 सितंबर तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो 23 को थाने का घेराव कर 24 से चक्का जाम कर कर आंदोलन तेज किया जाएगा।
विधायक विजय सिंह पंवार ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और पुलिस बल बढ़ाने को कहा है। पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि आपराधिक घटनाएं बढ़ने से माहौल भय का हो रहा है। सीओ हीरा सिंह रौथाण का कहना है कि लोगों से कोई क्लू नहीं मिल रहा है।
बावजूद पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। मौके पर पहुंचे एसडीएम चतर सिंह चौहान ने कहा कि नगर पंचायत को एक सप्ताह में बाजार में स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बाजार में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए जाएंगे। वहीं जीआईसी में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की गई।