अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के आवेदन पत्र पौड़ी जिले में केवल मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी और खंड शिक्षा अधिकारी दुगड्डा कार्यालय में ही मिल रहे हैं।
ऐसे में आवेदनकर्ताओं को फार्म के लिए मीलों सफर तय करना पड़ रहा है। साथ ही फार्म प्राप्त करने और जमा करने की अंतिम तिथि भी स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में हैं।
अभ्यर्थियों से टीईटी के लिए आवेदन मांगे
पिछले साल दिसंबर में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों से टीईटी के लिए आवेदन मांगे थे। इसकी परीक्षा फरवरी में तय की गई थी, लेकिन तब से तीन बार तिथि में बदलाव किया जा चुका है।
अब बीएड में 45 फीसदी से कम अंक वाले छात्रों के संबंध में हाईकोर्ट के फैसले के बाद विभाग ने आवेदन पत्रों की बिक्री फिर शुरू कर दी है। पिछली बार आवेदन पत्र पोस्ट ऑफिस से मिल रहे थे, लेकिन इस बार अभ्यर्थियों को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पौड़ी और खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय दुगड्डा की दौड़ लगानी पड़ रही है।
आवेदन पत्र एक हजार से अधिक का पड़ रहा
अरविंद सजवाण का कहना है कि आवेदन पत्र खरीदने के लिए जिला मुख्यालय पौड़ी जाना पड़ रहा है। ऐसे में किराया और अन्य खर्च मिलाकर आवेदन पत्र एक हजार से अधिक का पड़ रहा है।
इसके अलावा जमा करने की अंतिम तिथि के बारे में भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थी असमंजस में हैं। वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला ने बताया कि चार अक्तूबर तक आवेदन पत्र हासिल किए जा सकते हैं। जमा करने की अंतिम तिथि आठ अक्तूबर है। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र विद्यालयी शिक्षा परिषद में जमा किए जाएंगे।