कालसी। तहसील मुख्यालय में मंगलवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए बैठक हुई। बैठक में एसडीएम कालसी प्रेमलाल ने मतदान के अधिकार को लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को उचित कारण के बिना मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बूथ स्तरीय एजेंट शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं को रखा। उन्होंने मांग की कि कर्मियों को निर्देशित किया जाए कि अनावश्यक रूप से किसी मतदाता को सूची से बाहर न किया जाए। एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को पारदर्शिता के साथ समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान रजिस्ट्रार कानूनगो तिलकराम जोशी, भाजपा प्रतिनिधि नरेश चौहान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, उमादत्त जोशी और श्याम दत्त वर्मा उपस्थित रहे।