डोईवाला और हरबर्टपुर में एमडीडीए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डे का निर्माण करेगा। एमडीडीए और परिवहन निगम की ओर से तैयार किए गए कांसेप्ट प्लान को शासन स्तर पर मंजूरी मिल गई है। वहीं, ऊधमसिंह नगर में जिला विकास प्राधिकरण को खटीमा और किच्छा बस अड्डों के निर्माण का जिम्मा सौंपा गया है। प्राधिकरण स्तर पर इसका प्लान भी तैयार कर लिया गया है।
बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एमडीडीए ने अपने कांसेप्ट प्लान का प्रस्तुतिकरण दिया। प्राधिकरण के वीसी रणवीर चौहान ने बताया कि बस अड्डे के निर्माण के लिए कंसलटेंट का चयन किया जाएगा। प्रस्तावित बस अड्डों में अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी अड्डे के बजट का मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रस्तावित बस अड्डे में यात्रियों को डोरमैट्री, फूड एरिया, वेटिंग एरिया, कैफेटेरिया, बसों के लिए सर्विस लेन, सर्विस एरिया, बड़ी पार्किंग, चौड़ी सड़कें, यात्रियों को बस अड्डे तक आने-जाने के लिए अलग सड़क जैसी सुविधाएं होंगी।
वहीं, किच्छा और खटीमा में मौजूदा बस अड्डे की जमीन जिला विकास प्राधिकरण को निशुल्क हस्तांतरित की जा चुकी है। किच्छा में कुल एक एकड़ से ज्यादा जमीन है जबकि खटीमा में अपेक्षाकृत कम है। दोनों शहरों की जरूरतों को देखते हुए बस अड्डे में पार्किंग भी बनाई जाएगी। खटीमा में पांच और किच्छा में सात करोड़ की लागत से बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि दोनों ही शहरों में पार्किंग की आवश्यकता है। यही कारण है कि प्लान में इसे शामिल किया गया है। इसके अलावा वेटिंग एरिया, कैफेटेरिया, बसों के लिए सर्विस एरिया, यात्रियों के आराम करने की जगह, बसों को खड़ी करने की जगह, चौड़ी सड़कें, यात्रियों को बस अड्डे तक आने-जाने के लिए अलग सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
डोईवाला और हरबर्टपुर में यात्री सुविधाओं युक्त बस अड्डा बनने से लोगों को बहुत अधिक लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी इसका फायदा मिलेगा। बस अड्डे का डिजाइन अनूठा और अलग बनाने का प्रयास रहेगा।
-रणवीर चौहान, उपाध्यक्ष, एमडीडीए
हमने डिजाइन का ड्राफ्ट तैयार किया, जो सभी को पसंद आया है। जमीनों का हस्तानांतरण होने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। हम तय समय के भीतर अत्याधुनिक और बेहतर बस अड्डे का निर्माण करेंगे।
-बंशीधर तिवारी, उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर।