राजधानी में जारी रिस्पना और बिंदाल जैसी नदियों के साथ ही नालों की सफाई अभियान का शुक्रवार को मेयर सुनील उनियाल गामा ने औचक निरीक्षण किया। नाला सफाई की धीमी प्रगति पर मेयर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में जलभराव हुआ तो संबंधित अधिकारी, कर्मचारी जिम्मेदार होंगे।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के साथ ही यमुना कॉलोनी पार्क में चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया। मेयर ने निगम अधिकारियों के साथ पंचायती मंदिर यमुना कॉलोनी मंदिर के पीछे से बह रहे नाले का भी निरीक्षण किया। नाला सफाई नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई।
कहा कि नालों की जल्द से जल्द सफाई करवाई जाए। ताकि, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। पार्षद सुमित्रा ध्यानी के अनुरोध पर मेयर ने यमुना कॉलोनी के बीचोबीच बह रहे नाले को पाइपों के जरिए भूमिगत करने के आदेश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान मनोनीत पार्षद संजय सिंघल, भगत भंडारी, दीपेंद्र बिष्ट, ज्योति प्रजापति, दीवान चंद, कृपाल सिंह समेत कई उपस्थित थे।
नालियों में गोबर फेंकने वालों से जुर्माना वसूलेगा नगर निगम
राजधानी में नाले, नालियों में गोबर, गंदगी फेंकने वाले डेयरी संचालकों की अब खैर नहीं है। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश जारी किया है कि ऐसे डेयरी संचालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाए।